युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष अतल व्यौहार के अनूपपुर प्रथम आगमन पर उमड़ा कार्यकर्ताओं का जनसैलाब
पार्टी नहीं, किसानों के हक की लड़ाई था 25 मई का आंदोलन
भाजपा-कांग्रेस सहित सभी वर्गों के लोग हुए थे शामिल
आंदोलन में पटेल समाज के लोगों पर ही FIR क्यों?
अनूपपुर। ग्राम पंचायत पिपरिया में शनिवार को भाजपा मंडल अनूपपुर द्वारा आयोजित बैठक एवं स्वास्थ्य शिविर में अपेक्षित जनभागीदारी नजर नहीं आई। कार्यक्रम से पहले भाजपा पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से बड़ी संख्या में पहुंचने की अपील की गई थी, लेकिन मौके पर स्थानीय भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं की मौजूदगी सीमित रही। आम ग्रामीणों की कम उपस्थिति के बीच यह कार्यक्रम अब क्षेत्र में चर्चा का विषय बन गया है। ग्रामीणों और किसानों के बीच चर्चा है कि कार्यक्रम से दूरी के पीछे 25 मई 2026 के किसान आंदोलन के बाद पैदा हुई नाराजगी भी एक बड़ी वजह है।
पार्टी के खिलाफ नहीं बल्कि समस्याओं को लेकर हुआ आंदोलन
25 मई को किसानों द्वारा किया गया आंदोलन किसी राजनीतिक दल के विरोध में नहीं था, बल्कि किसानों की मूलभूत समस्याओं को लेकर किया गया था। किसानों की प्रमुख मांग खेतों में तैयार रबी की फसल की खरीदी सुनिश्चित करना तथा खेती के लिए बिजली कटौती बंद कर 20 से 22 घंटे बिजली आपूर्ति करना थी। इस आंदोलन में भाजपा और कांग्रेस से जुड़े नेता भी पहुंचे थे। इसके अलावा विभिन्न समाजों के किसान भी एकजुट होकर अपनी समस्याओं की आवाज उठाने पहुंचे थे। किसानों का कहना है कि आंदोलन के दौरान उनकी मांगों के समाधान का लिखित आश्वासन दिया गया, लेकिन आश्वासन के बावजूद समस्याओं के समाधान की दिशा में अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई।
सिर्फ पटेल समाज के लोगों को टारगेट करना कितना सही
किसानों की नाराजगी का दूसरा बड़ा कारण आंदोलन के बाद दर्ज हुई FIR को बताया जा रहा है। ग्रामीणों का आरोप है कि अनूपपुर कोतवाली के टीआई अरविंद जैन द्वारा दर्ज मामले में पटेल समाज के लोगों को विशेष रूप से निशाना बनाया गया। ग्रामीणों का सवाल है कि जब आंदोलन किसी एक पार्टी या समाज का नहीं था और उसमें भाजपा-कांग्रेस सहित अलग-अलग वर्गों के लोग शामिल थे, तो फिर कार्रवाई में एक ही समाज के लोगों को क्यों घेरा गया? ग्रामीण इसे कथित तौर पर द्वेषपूर्ण कार्रवाई बताते हुए पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग कर रहे हैं। उनका कहना है कि यदि किसी ने कानून तोड़ा है तो कार्रवाई कानून के अनुसार होनी चाहिए, लेकिन किसी एक समाज को चुनकर कार्रवाई करना उचित नहीं है।
“अगर हम दोषी हैं तो फिर हमारे ही गांव में स्वास्थ्य शिविर क्यों?”
स्वास्थ्य शिविर को लेकर ग्रामीणों ने भाजपा मंडल अध्यक्ष के सामने एक और सवाल खड़ा किया। ग्रामीणों का कहना है कि यदि किसान आंदोलन की FIR में उन पर कानून-व्यवस्था बिगाड़ने और एंबुलेंस को रास्ता नहीं देने जैसे आरोप दर्ज हैं, तो फिर भाजपा मंडल अध्यक्ष उन्हीं लोगों के बीच ग्राम पंचायत पिपरिया में स्वास्थ्य शिविर लगाने क्यों पहुंचे? ग्रामीणों का कहना है कि एक तरफ मुकदमा, दूसरी तरफ उन्हीं ग्रामीणों के बीच जनसेवा का कार्यक्रम—यह विरोधाभास समझ से परे है।
मंडल अध्यक्ष बोले—जानकारी नहीं थी, SP कार्यालय जाएंगे
मामले को लेकर भाजपा मंडल अध्यक्ष ब्रजेश चतुर्वेदी से चर्चा की गई तो उन्होंने कहा कि उन्हें इस पूरे मामले की जानकारी नहीं थी। उन्होंने कहा कि सोमवार को SP कार्यालय जाकर FIR के संबंध में कार्रवाई समाप्त कराने की मांग की जाएगी। साथ ही जिस स्तर से गलत कार्रवाई हुई है, उसकी जांच कराकर दोषी पाए जाने पर उचित कार्रवाई की मांग भी की जाएगी।
पिपरिया में फीका शिविर नाराजगी का कितना होगा असर
पिपरिया में आयोजित भाजपा का कार्यक्रम भले ही बैठक और स्वास्थ्य शिविर के रूप में आयोजित किया गया हो, लेकिन कम जनभागीदारी ने संगठन के सामने जमीनी नाराजगी का सवाल जरूर खड़ा कर दिया है।
किसानों का कहना है कि उन्हें राजनीति नहीं, अपनी फसल का दाम, खेती के लिए पर्याप्त बिजली और अपनी बात रखने का अधिकार चाहिए। अब देखना यह होगा कि भाजपा संगठन किसानों की इस नाराजगी को कितना गंभीरता से लेता है और FIR को लेकर उठ रहे सवालों पर क्या कदम उठाता है। किसानों का दो टूक संदेश है—“जिसे सत्ता में बैठाया है, उससे सवाल भी करेंगे और समाधान भी मांगेंगे; अगर आवाज नहीं सुनी गई तो चुनाव में अपना फैसला खुद करेंगे।” इन सब के बाद भाजपा में हलचल मच गई है और डैमेज कंट्रोल के लिए भाजपा अब नई चाल चलने की योजना बना रही है।
BJP Hatauoo. Desh bachao
ReplyDelete